छत्‍तीसगढ़ से 12 तक मानसून की विदाई, तापमान गिरेगा

रायपुर.
छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अब बदल गया है और 12 अक्टूबर के आसपास प्रदेश से मानसून की विदाई संभावित है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। आने वाले दिनों में अब वर्षा की गतिविधि भी घटेगी। हालांकि गुरुवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा संभावित है।

बीते कुछ दिनों से बारिश कम होने से अब तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने लगी है। बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। प्रदेश में मौसम का मिजाज अभी ऐसा ही रहेगा। एक जून से लेकर 30 सितंबर तक प्रदेश में 1036 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है। रायपुर जिले में भी 1000 मिमी से ज्यादा बारिश हुई है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उससे लगे झारखंड के उपर स्थित है।इसके साथ ही ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किमी ऊंचाई तक है। इसके प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार है।साथ ही अब अधिकतम तापमान बढ़ेगा और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button