BJP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 10 नए सदस्यों की नियुक्ति, सतीश पूनिया-संजय जायसवाल समेत इन्हें मौका

 नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने पार्टी की कुछ राज्य इकाइयों के पूर्व प्रमुखों समेत 10 नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया। पार्टी ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी के नए सदस्यों में बंडी संजय कुमार, दीपक प्रकाश, सतीश पूनिया और संजय जायसवाल शामिल हैं। कुमार पार्टी की तेलंगाना इकाई, प्रकाश झारखंड इकाई, पूनिया राजस्थान इकाई और जायसवाल बिहार इकाई के प्रमुख रह चुके हैं।

सुरेश कश्यप, विष्णुदेव साय और अश्वनी शर्मा को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह मिली है। कश्यप पार्टी की हिमाचल प्रदेश इकाई, साय छत्तीसगढ़ इकाई और शर्मा पंजाब इकाई के प्रमुख रहे हैं। पार्टी के बयान में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता धर्मलाल कौशिक, आंध्र प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सोमू वीरराजू और राजस्थान के नेता किरोड़ी लाल मीणा कार्यकारणी में शामिल अन्य सदस्य हैं। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

असम में सभी 14 सीट पर चुनाव लड़ने की चुनौती
वहीं, भाजपा की असम इकाई के अध्यक्ष भाबेश कालिता ने कांग्रेस को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 14 सीट पर चुनाव लड़ने की शनिवार को चुनौती दी। कालिता ने विश्वास जताया कि अगले साल होने वाले आम चुनाव के बाद केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सत्ता में बरकरार रहेगा और नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस को राज्य में सभी 14 सीट पर चुनाव लड़ना चाहिए। भाजपा और उसके सहयोगी दल भी सभी सीट पर चुनाव लड़ेंगे। तभी स्पष्ट होगा कि जनता का समर्थन किसके साथ है।'

कालिता ने कहा, 'लोगों ने हमारा काम देखा है और वे हमारे लिए वोट डालेंगे। भाजपा नीत राजग और नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करेंगे। जनता का समर्थन हमारे साथ बना है और आगे भी बना रहेगा।' राज्य के लिए मसौदा परिसीमन प्रस्ताव को भाजपा का एजेंडा बताने के विपक्ष के आरोपों को उन्होंने खारिज कर दिया। कालिता ने कहा कि निर्वाचन आयोग स्वतंत्र संस्था है। यह किसी के इशारे पर काम नहीं करता। विपक्ष यह भलीभांति जानता है।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button