भाजपा के राष्ट्रवाद को एक और चुनौती! INDIA का टैगलाइन होगा ‘जीतेगा भारत’

नई दिल्ली

राष्ट्रवाद के मुद्दे पर आक्रामक तरीके से राजनीति करने वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) को कांग्रेस की अगुवाई में विपक्षी दल लगातार चुनौती पेश कर रही है। विपक्षी एकजुटता की दूसरी बैठक में नाम का ऐलान कर दिया गया। इस गठबंधन को 'इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव एलायंस' नाम दिया गया है। इसे INDIA नाम से भी जाना जाएगा। अब खबर आ रही है कि इस गठबंधन ने अपना टैगलाइन 'जीतेगा भारत' रखने का फैसला किया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।

आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव की रणनीति तय करने के लिए 26 विपक्षी दलों की बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने विपक्षी दलों के नए गठबंधन के नाम ‘इंडिया’ का जिक्र करते हुए कहा कि अब लड़ाई इंडिया और केंद्र सरकार के बीच है। उन्होंने कहा कि हर कोई जानता है कि जब कोई भारत के खिलाफ खड़ा होता है तो विजेता कौन होता है। बाद में राहुल ने ट्वीट किया, भारत जुड़ेगा, इंडिया जीतेगा। पूर्व कांग्रेस प्रमुख ने यह भी कहा कि यह हर कोई जानता है कि जो लोग भारत का विरोध करते हैं या उससे लड़ने का प्रयास करते हैं, उनके साथ क्या होता है। मुझे इसमें जाने की ज़रूरत नहीं है कि यह लड़ाई कौन जीतेगा। यह भारत और भाजपा के बीच की लड़ाई है। उन्होंने इसे नए गठबंधन इंडिया और भाजपा के बीच जंग बताया।

राहुल गांधी ने कहा कि चार घंटे तक चले विपक्षी दलों के दूसरे विचार-विमर्श के दौरान चीजें बहुत सुचारू रूप से चलीं। उन्होंने कहा कि हम (विपक्षी दल) भारतीय संविधान, लोगों की आवाज और हमारे महान देश के विचार का बचाव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई राजनीति के विपरीत ध्रुवों पर खड़े दो गठबंधनों के बीच नहीं है बल्कि समावेशी भारत की रक्षा की लड़ाई है।

कार्ययोजना तैयार करेगा विपक्ष
अन्य नेताओं के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी दलों ने एक कार्य योजना तैयार करने का फैसला किया है जहां वे अपनी विचारधारा और कार्यक्रमों के बारे में बात करेंगे। उन्होंने कहा कि हम एक साथ आगे बढ़ेंगे और लोगों को अपनी विचारधारा के बारे में बताएंगे कि हम देश के लिए क्या करने की योजना बना रहे हैं।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button